महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी गठबंधन सरकार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) और शिवसेना के बीच लगातार नजदीकियां बढ़ती जा रही है, लेकिन वही दूसरी ओर इस गठबंधन में कांग्रेस अपने आप को अलग महसूस कर रही है।
इसी के चलते कांग्रेस के नए पैंतरे ने महाराष्ट्र की सियासत में नया मोड़ ला दिया है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने सोमवार को ऐलान किया है कि महाराष्ट्र का अगला विधानसभा चुनाव कांग्रेस अकेले ही लड़ेगी। उन्होंने कहा ये सरकार हमारे भरोसे है न कि हम सरकार के भरोसे।
उन्होंने कहा हम किसी के भी पीठ में छुरा नहीं घोपेंगे। उन्होंने कहा एनसीपी के मन में क्या है मुझे क्या पता. हमारे मन की बात हम खुलकर बताते हैं। उन्होंने कहा हमे अलग करके किसी को फायदा नहीं होगा। उल्टा हम साथ हैं तो फायदा है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर आलाकमान फैसला लेता है तो वह मुख्यमंत्री का चेहरा बनने को भी तैयार हैं। उन्होंने संजय राउत के एक बयान पर कहा की भाजपा ने शिवसेना को ही नहीं बल्कि पूरे देश को गुलाम बनाया है।