संसद के मानसून सत्र के बीच कांग्रेस पार्टी का तगड़ा झटका लगा है। मणिपुर में कांग्रेस के प्रदेश कमिटी (एमपीसीसी) के अध्यक्ष गोविंददास कोंथौजम ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि राज्य में कांग्रेस के आठ विधायक आज भाजपा में शामिल हो सकते हैं। मणिपुर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा झटका है।
गोविंददास कोंथौजम कांग्रेस पार्टी से बिष्णुपर विधानसभा क्षेत्र से लगातार छह बार विधायक चुने गए और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। पिछले साल दिसंबर में उन्हें मणिुपर कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। उनकी गिनती राज्य के दिग्गज नेताओं में होती है। बता दें कि मणिपुर विधानसभा चुनाव भी 2022 में होने वाले है।
ऐसे में बीजेपी लगातार अपने पांव मजबूत करने की कोशिशों में जुटी है। यही वजह है कि जून महीने में ही भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मणिपुर के प्रदेश अध्यक्ष के पद में बदलाव किया था। जेपी नड्डा ने शारदा देवी को मणिपुर में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया था। तब से ही लगातार बीजेपी संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है।
शारदा देवी ने एस टिकेंद्र सिंह की जगह ली, जिनकी मई में कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई। बीजेपी संगठन और कार्यकर्ताओं की स्थिति को राज्य में बेहतर करने में जुटी हुई है। हालांकि विधायकों के शामिल होने की खबरों पर कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


Download Android App
Download iOS App



