चुनाव आयोग ने शनिवार को पांच राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तारीख का ऐलान कर दिया है। देश के उत्तर-पूर्व राज्य मणिपुर में भी 60 सीटों पर मतदान डाले जाएंगे। आयोग ने बताया कि, राज्य में दो चरण में चुनाव होंगे जिसमें पहला चरण 27 फरवरी और दूसरा चरण तीन मार्च को होगा। इसी के साथ राज्य में आचार संहिता भी लागू हो गई है। आयोग ने कहा कि, राज्य के विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए एक फरवरी को नोटिफिकेशन जारी होगा।
27 फरवरी को होंगे पहले चरण के लिए मतदान
आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि, राज्य में पहले चरण के चुनाव के लिए प्रत्याशियों के लिए नामांकन करने की अंतिम तारीख आठ फरवरी को होगी। उन्होंने कहा जो उम्मीदवार नामांकन वापिस लेना चाहते हैं वह 11 फरवरी तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। आयोग के अनुसार दूसरें चरण के चुनाव के लिए चार फरवरी को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। आयोग ने कहा कि, उम्मीदवार 11 फरवरी को अपना नामांकन भर पाएंगे और जो उम्मीदवार अपना नामांकन वापस लेना चाहतें हैं वे 16 फरवरी तक ले सकते हैं। राज्य की 60 विधानसभा सीटों के लिए 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे जिसके नतीजें 10 मार्च को जारी किए जाएंगे।
वर्ष 2017 में भाजपा ने बनाई थी सरकार
चुनाव आयोग ने बताया कि मणिपुर में 57 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। वहीं 43% लोगों को दोनों डोज लग चुकी हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी हालांकि राज्य में भाजपा ने सरकार बनाई थी और एन बीरेन सिंह को मुख्यमंत्री बनाया था। मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल 19 मार्च 2022 को खत्म हो रहा है।