बिहार में उग्रवाद प्रभावित गया जिले डुमरिया थाना क्षेत्र के बोधिबिगहा गांव में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के उग्रवादियों ने जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के पूर्व विधान पार्षद के घर को विस्फोट कर उड़ा दिया। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि करीब 50 की संख्या में माओवादियों ने कल देर रात बोधिबिगहा गांव स्थित जदयू के पूर्व विधानपार्षद अनुज कुमार सिंह के घर धावा बोला।
इसके बाद माओवादियों ने पूर्व विधानपार्षद के चाचा एवं भाई के साथ मारपीट की और परिवार के सभी सदस्यों को घर से बाहर निकाल दिया। माओवादियों ने विस्फोट कर घर को उड़ा दिया और फरार हो गये। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नही है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने डाइनामाइट से घर में ब्लास्ट किया उसके बाद वो वहां एक पोस्टर भी छोड़ गए हैं जिसमें चुनावों के बहिष्कार के बारे में लिखा है।