देहरादून : राफेल रक्षा सौदे पर उच्चतम न्यायालय से केंद्र सरकार को क्लीन चिट दिए जाने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए, उन्हें मानसिक विकलांग बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि राफेल मामले में विपक्ष पूरी तरह से बेनकाब हुआ है।
राहुल गांधी में नेतृत्व क्षमता नहीं है। राहुल देश को डुबा देंगे। ऐसे लोगों को देश की जनता कभी खजाने की चाबी नहीं सौंपेगी। अजय भट्ट ने कहा कि इस मामले में राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने आधारहीन आरोप लगाते हुए देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया। इसके अलावा कांग्रेस ने सेना का मनोबल गिराने का काम भी किया, जो अक्षम्य है।
उच्चतम न्यायालय के आए फैसले से कांग्रेस अध्यक्ष कलई खुल कर जनता के सामने आ गई है। वहीं देहरादून बीजेपी गढ़वाल मंडल पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। लोकसभा चुनाव की तैयारियों और बूथ मैनेजमेंट को लेकर यह बैठक हो रही है। इस बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, सीएम त्रिवेंद्र रावत, राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, पूर्व सीएम सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री रेखा आर्य, राज्यमंत्री डॉ. धनसिंह रावत, प्रदेश महामंत्री खजानदास, प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान सहित पार्टी के कई विधायक और पदाधिकारी बैठक में शामिल हैं।
एक दिन पहले सरोज पाण्डेय कुमाऊं मंडल में बैठक कर पदाधिकारियों से फीडबैक ले चुकी हैं। उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस नेताओं से भी कहा कि वे भी प्रदेश की जनता से क्षमा याचना करें क्योंकि उत्तराखंड में भी कांग्रेस ने राफेल मामले पर केंद्र सरकार के पुतले जलाए थे।