देहरादून/ऋषिकेश : भाजपा ने संगठन अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए राज्यमंत्री कोठारी को तीन महीने के लिए पार्टी से निष्काषित कर दिया है। उन्हें केंद्रीय मंत्री के सामने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के साथ हुए विवाद के लिए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। रविवार को ऋषिकेश में हुई भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत वैमनस्य में अभद्र भाषा का प्रयोग करना अशोभनीय है। कोई भी व्यक्ति अगर विधानसभा अध्यक्ष की गरिमा को कम करता है, गालीगलौज करता है, सार्वजनिक मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग करता है तो यह अक्षम्य है। इस दौरान पार्टी ने संगठन के विस्तार और मिशन 2022 पर खास तौर से रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि संगठन की नीति के मुताबिक इस बार पार्टी तीन लाख सदस्य बनाएगी। उन्होंने बताया कि छह जुलाई से पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
नवंबर माह तक भाजपा के संगठनात्मक चुनाव संपन्न होंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड के भीतर भाजपा संगठन को जो मत प्रतिशत मिला है उसे पंचायत चुनाव में बरकरार रखना होगा। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाने की जरूरत है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, केदार जोशी, ज्योति प्रसाद, कुसुम कंडवाल, मयंक गुप्ता, पुष्कर धामी, राजकुमारी गिरी, कैलाश शर्मा, खजानदास, गजराज बिष्ट, आशीष गुप्ता, महेंद्र, विनोद, सुनील उनियाल गामा आदि उपस्थित थे।
– सुनील, विक्रम