असम-मिजोरम के बीच सीमा विवाद को लेकर हुई 26 जुलाई को हुई हिंसक झड़प के बाद तनाव जारी है। इस बीच मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि पूर्वोत्तर भारत हमेशा एक रहेगा। इससे पहले भी उन्होंने इस विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की बात पर ज़ोर दिया है।
मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने अपनी सरकार द्वारा जारी एक अधिसूचना को ट्विटर पर साझा करते हुए कहा है कि असम के कछार जिले के साथ लगते मिजोरम के कोलासिब जिले में राज्य के अनिवासी व्यक्तियों की आवाजाही पर कोई पाबंदी नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘‘पूर्वोत्तर भारत हमेशा एक रहेगा।’’
Northeast will always be #One pic.twitter.com/ttlEipKdoY
— Zoramthanga (@ZoramthangaCM) July 30, 2021
असम सरकार द्वारा यात्रा परमर्श जारी करने के एक दिन बाद जोरामथांगा का बयान आया है। असम ने अपने नागरिकों से मिजोरम की यात्रा नहीं करने और वहां रहने वाले निवासियों से सतर्क रहने के लिए कहा है। इस बीच, सीमा विवाद को लेकर अब भी गतिरोध बना हुआ है और दोनों राज्यों की पुलिस ने सोमवार की हिंसा को लेकर आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। हिंसा में असम के सात लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए।