कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि वह युवाओं को रोजगार दिलाने और आर्थिक मोर्चे पर असफल रही है। श्री सिंधिया ने कल शाम यहां अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर संबोधित किया। इस अवसर पर सेवादल के प्रमुख लालजी देसाई और अन्य नेता भी मौजूद थे।
श्री सिंधिया ने कहा कि सेवादल ने देश की आजादी की लड़ई में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। अब सेवादल पर फिर से जिम्मेदारी है कि वह कांग्रेस की रीति नीति देश के कोने कोने में ले जाए। सेवादल के कार्यकर्ताओं ने अंग्रेजों से भी हार नहीं मानी है। इसलिए उसे वर्तमान की चुनौतियां स्वीकार करना होगा और पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करना होगा।
श्री सिंधिया ने कहा कि देश के मौजूदा हालात किसी से छिपे नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल है। वह रोजगार मुहैया नहीं करा पा रही है। इसलिए वह भावनात्मक मुद्दे उठा रही है। इस सच्चायी से आम लोगों को अवगत कराना होगा।
सेवादल का यह शिविर यहां बैरागढ़ क्षेत्र में एक सप्ताह से अधिक समय तक चला, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से सेवादल कार्यकर्ता और विभिन्न गणमान्य व्यक्ति पहुंचे। इस शिविर को अलग अलग देश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।


Download Android App
Download iOS App



