भागने से कुछ पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात की विजय माल्या की स्वीकारोक्ति पर बिहार कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता श्री सदानंद सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के मंत्री ने देश को गुमराह किया है | विजय माल्या के बयान से स्पष्ट हो गया है कि श्री जेटली ने उसे देश से भागने में मदद की है | इसके लिये प्रधानमंत्री मोदी जी को देश से माफ़ी मांगते हुये वित्तमंत्री को बर्खास्त करना चाहिये |
श्री सिंह ने कहा कि लाख छुपाने से भी सच्चाई छुप नहीं सकती है | सच परेशान हो सकता है, पर परास्त नहीं हो सकता है | सवाल उठता है कि जब भागने से पहले विजय माल्या ने अरुण जेटली जी से मुलाकात की तो वे इसकी सूचना देश की जाँच एजेन्सियों और पुलिस को क्यों नहीं दी? आखिर माल्या भारतीय बैंकों के 9000 करोड़ रुपये का कर्जदार है | जनता को यह जानने का पूरा हक़ है कि श्री जेटली जी ने यह सच्चाई देश से क्यों छुपाई?
श्री सिंह ने कहा कि सरकारी धन की लूट, हेराफेरी और अनेकों घोटाले के आरोप भाजपा के लोगों पर लग रहे हैं | लेकिन यह बड़ी आश्चर्य की बात है कि मोदी सरकार किसी भी आरोपों की जाँच आखिर क्यों नहीं करवाती है?