मध्यप्रदेश में देवास जिले के निकट शनिवार को एक बस के डिवाइडर से टकराने के बाद पलट जाने से उसमें सवार तीन महिला यात्रियों की मौत हो गई और कम से कम आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
देवास औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने के प्रभारी रामकृष्ण शर्मा ने बताया कि यह घटना शाम को उस समय हुई जब बस इंदौर से देवास जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक तेज गति से बस चला रहा था और उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
शर्मा ने बताया कि दो महिला यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक तीसरी महिला यात्री ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। आठ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है और घटना की जांच की जा रही है।