MP: कोरोना के बढ़ते केसों के चलते कई शहरों में लॉकडाउन, कुछ जगहों पर बढ़ाई गई अवधि

Summary :

मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में कोरोना महामारी से बिगड़ते हालातों के मद्देनजर कई शहरों में लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है, तो कुछ शहरों में इसकी अवधि को बढ़ाया गया है।

मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में कोरोना महामारी से बिगड़ते हालातों के मद्देनजर कई शहरों में लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है, तो कुछ शहरों में इसकी अवधि को बढ़ाया गया है। इंदौर, बरवानी, राजगढ़, विदिशा (अर्बन-रूरल), राउ नगर, महूनगर और शाजापुर, उज्जैन में लॉकडाउन को 19 अप्रैल सुबह 6 बजे तक बढ़ाने की घोषणा की गई है तो बालाघाट, नरसिंहपुर, सिवनी और जबलपुर में 12 से 22 अप्रैल तक लॉकडाउन रहेगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौरान ने कहा है कि इस महीने के अंत तक राज्य में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर एक लाख तक पहुंच सकती है। इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने बताया, ”इंदौर में ऑक्सीजन की मांग 60 फीसदी बढ़ गई है। हमने एक कमिटी बनाई है, जो ऑक्सीजन उपलब्धता की ऑडिट करेगी।”
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 4,882 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 3,27,220 तक पहुंच गई। राज्य में 24 घंटे में इस बीमारी से प्रदेश में 23 और व्यक्तियों की मौत हुई। 
प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 4,136 हो गई है। शुक्रवार को कोविड-19 के 887 नये मामले इंदौर में आए, जबकि भोपाल में 686 नये मामले आए। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में कुल 3,27,220 संक्रमितों में से अब तक 2,92,598 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं और 30,486 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। शुक्रवार को 2,433 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

Desk Team