मध्य प्रदेश के उज्जैन में उस समय पुलिस खेमे में हलचल मच गयी जब एक कार्यक्रम के दौरान एकाएक पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे गूंजने लगे। मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर 7 को गिरफ्तार कर लिया।
उज्जैन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्येंद्र शुक्ला ने शुक्रवार को बताया, ‘‘इस सिलसिले में कल देर रात से अब तक हमने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं में दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।’’
उन्होंने बताया कि मुहर्रम के मौके पर गुरुवार की रात गीता कॉलोनी में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में करीब दस लोगों ने कथित रूप से तीन बार पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया। शुक्ला ने कहा कि मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने इस घटना पर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि हमारे पास जो वीडियो और सबूत हैं, उनका एनालिसिस चल रहा है। जो भी लोग इस मामले में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया 10 लोगों को हमने चिन्हित किया गए है।
वहीं ADG योगेश देशमुख ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ राजद्रोह सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वीडियो से विवेचना की जा रही है। घटना में आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती है। शहर के जीवाजीगंज थाने के प्रवक्ता ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 124 (ए) (देशद्रोह), 153 (दंगे के लिए उकसाने हेतु) और धारा 188 (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा) में मामला दर्ज किया गया है।