मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जबरन वसूली के मामले में पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के खिलाफ शनिवार को चार्जशीट दाखिल की। जबरन वसूली के कई मामलों का सामना कर रहे परमबीर सिंह के खिलाफ यह पहली चार्जशीट है। दो दिन पहले महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें जबरन वसूली के आरोप में निलंबित कर दिया था।
चार्जशीट में परमबीर सिंह के अलावा बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे, सुमित सिंह और अल्पेश पटेल को आरोपी नामजद किया गया है। आरोप पत्र मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट एसबी भाजीपाले के समक्ष दाखिल किया गया। यह मामला बिमल अग्रवाल की शिकायत से संबंधित है।
महाराष्ट्र : उच्च जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों के लिए सात दिन का क्वारंटीन अनिवार्य
इस शिकायत के अनुसार आरोपी ने दो बार और रेस्तरां पर छापेमारी नहीं करने के लिए उससे नौ लाख रुपए की उगाही की और अपने लिए लगभग 2.92 लाख रुपये के दो स्मार्टफोन खरीदने के लिए मजबूर किया। शिकायतकर्ता के अनुसार वह साझेदारी में इन प्रतिष्ठानों को चलाता था।
पुलिस ने पहले बताया था कि यह घटना जनवरी 2020 और मार्च 2021 के बीच हुई। इसके बाद छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 384, 385, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था।