भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 2021 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के नेताओं से मिलने और पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करने के लिए बुधवार को राज्य की अपनी दो दिवसीय यात्रा पर हैं। इस दौरान कोलकाता में बीजेपी के 9 कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद नड्डा ने कहा कि मुझे खुशी है कि आज बीजेपी के यहां 9 कार्यालय समर्पित हुए हैं। बंगाल में आगे चलकर बीजेपी के 38 कार्यालय बनने हैं। बीजेपी के कार्यकर्ता भी बढ़ रहे और कार्यालय भी। ये कार्यालय मॉडल तरीके से सुसज्जित होगा।
वहीं बीजेपी अध्यक्ष ने ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यालय से चलती है और अन्य पार्टी का कार्यालय घर से चलता है। अन्य राजनीतिक दल परिवार ही पार्टी है, परिवार में सीमित हो गई है। TMC भी इनसे अलग नहीं है वो भी परिवार वाली पार्टी बन गई है लेकिन हम बीजेपी..पार्टी ही परिवार है। नड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी असहिष्णुता का पर्याय हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ और भाजपा का बंगाल से विशेष संबंध है। भारतीय जनसंघ को पहले शुरू काल में जो दो राष्ट्रीय अध्यक्ष मिले हैं वो बंगाल से मिले हैं। राजनीतिक दृष्टि से विचारों का आदान प्रदान करना ये प्रजातंत्र की खूबसूरती है। पश्चिम बंगाल तो विचारों के आदान प्रदान के लिए जाना गया है। जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा कार्यालय से दोनों तरफ का ग्रोथ है- हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर। भाजपा के कार्यकर्ता भी बढ़ रहे हैं और कार्यालय भी बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा ने एक लंबी लड़ाई लड़ी है। 9 साल पहले बंगाल में हमारा वोट प्रतिशत 4 था। 2014 में हमारी सीटें 2 हो गई और हमारा वोट प्रतिशत 18 पहुंचा। 2019 में हमारी सीटें 18 हुई और हमारा वोट प्रतिशत 40 पहुंचा। 2021 के चुनाव में भाजपा 200 सीट से विजयी होगी। जेपी नड्डा ने कहा कि बंगाल की जनता भाजपा के साथ है, मोदी जी के साथ है। बंगाल में अब अंतिम छलांग लगानी बाकी है और वो अब हम लोग आपके आशीर्वाद से 2021 में लगाएंगे और यहां ममता जी की सरकार को उखाड़ देंगे और भाजपा सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जब मैं पश्चिम बंगाल में आया हूं तो मुझे दुख भी होता है शर्मसार भी होता हूं। जो बंगाल संस्कृति, विराट हृदय, सोनार बंगाल के लिए जाना जाता था, आज वहां हिंसा, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, अपना-पराया और विकास के विरुद्ध कार्य TMC सरकार कर रही है। जेपी नड्डा ने कहा कि बंगाल में 130 कार्यकर्ताओं ने अपनी जान दे दी, मैंने यहां 100 कार्यकर्ताओं का तर्पण खुद किया है। क्या ये वही बंगाल है जो अपनी संस्कृति के लिए जाना जाता था? ये इंसानियत के भी विरुद्ध हैं और ये राजनीतिक असहिष्णुता की पराकाष्ठा है।
उन्होंने कहा कि मैं बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं कि वो हिम्मत के साथ जुटे हुए हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हमारा कार्यकर्ता 2021 में ममता सरकार को उखाड़ के फेकेंगे।