महाराष्ट्र की राजनीति में पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार से एक हफ्ते में दूसरी बार चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से मुलाकात को अहम माना जा रहा है। वहीं राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि पार्टी प्रमुख शरद पवार सभी विपक्षी नेताओं को एकजुट करने का काम कर रहे हैं।
नयी दिल्ली में सोमवार को पवार की राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ हुई बैठक के मुद्दे पर मलिक ने यह बात कही। पवार के दिल्ली आवास पर हुई यह मुलाकात राकांपा की मंगलवार को होने जा रही राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले हुई है।
इस बारे में पूछे जाने पर मलिक ने कहा, ‘‘पवार सभी विपक्षी नेताओं को एकजुट करने के लिए काम कर रहे हैं। हो सकता है कि बैठक इसी मुद्दे पर हुई हो। कल राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी होने जा रही है।’’ महाराष्ट्र में राकांपा फिलहाल शिवसेना और कांग्रेस के साथ गठबंधन सरकार में है।
इससे पहले, पवार और किशोर के बीच 11 जून को राकांपा प्रमुख के मुंबई स्थित आवास पर लगभग तीन घंटे तक बैठक हुई थी। किशोर ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव में क्रमश: तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक के लिए चुनावी रणनीति बनाने में मदद की थी। पिछले महीने आए चुनाव परिणाम में इन दोनों दलों को अपने-अपने राज्य में जीत मिली थी।इसके बाद, किशोर ने कहा था कि वह अब आगे से किसी दल के लिए चुनावी रणनीति बनाने का काम नहीं करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



