छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में पुलिस ने आठ लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है। दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यहां बताया कि जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र के अंतर्गत दंतेश्वरी लड़ाके (महिला कमाण्डो), डीआरजी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल ने मिलिट्री प्लाटून नंबर 26 की डिप्टी कमांडर कोवासी मंगली (27) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि कटेकल्याण थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेण्डोली गांव में कटेकल्याण एरिया कमेटी के अंतर्गत सक्रिय प्लाटून नंबर 26 की डिप्टी कमांडर कोवासी मंगली अपने रिश्तेदार के घर आई है। उन्होंने बताया कि जानकारी के बाद पुलिस दल को मेण्डोली गांव रवाना किया गया तथा घेराबंदी कर मंगली को गिरफ्तार कर लिया गया। मंगली पर आठ लाख रुपए का इनाम है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार महिला माओवादी 2013 में नक्सली संगठन में शामिल हुई थी। मंगली अप्रैल 2016 को मारजूम गांव के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के मध्य मुठभेड़ की घटना में शामिल थी। वह इस वर्ष जुलाई में कुन्ना-डब्बा पुलिस नक्सली मुठभेड़ की घटना में भी शामिल थीं।
इस घटना में कटेकल्याण एरिया कमेटी में सक्रिय प्लाटून नम्बर 26 का डिप्टी कमांडर हुर्रा मारा गया था। इसके बाद मंगली को डिप्टी कमांडर नियुक्त किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली से कटेकल्याण एरिया कमेटी में सक्रिय प्लाटून नम्बर 26 के विषय में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई है।