कोयंबटूर : भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव पी मुरलीधर राव ने यहां मंगलवार को कहा कि राजग विपक्ष की तुलना में अब देश का सबसे मजबूत और सबको साथ लेकर चलने वाला गठबंधन है। वहीं विपक्ष विरोधाभास से ग्रस्त है। राव ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘ यह स्पष्ट है कि (नरेंद्र) मोदीजी के अलावा कोई भी अन्य नेता पूरे देश और हमारे गठबंधन में स्वीकार्य नहीं होगा। दूसरी तरफ विपक्ष है जिसमें पूरे देश के लिए एक नेता को लेकर स्वीकार्यता नहीं है।
उन्होंने कहा कि चुनाव का मुद्दा निर्णायक नेता की अगुवाई में केंद्र की स्थिर और निर्णय करने वाली सरकार, विकास, गरीबों एवं किसानों का कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद से उपजी चुनौतियां रहेंगे। राव ने कहा कि तीन महीने पहले कुछ तबके शंका जाहिर कर रहे थे कि राजग के पारंपरिक सहयोगी गठबंधन से दूरी बना रहे हैं। बहरहाल, अब स्थिति ऐसी है कि यह सबसे मजबूत है। उन्होंने कहा कि वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर एक गठबंधन नहीं बना सकी।
राव ने कहा कि राजग अब देश में सबसे मजबूत और सबको साथ लेकर चलने वाला गठबंधन है, जबकि इसकी तुलना में विपक्षी परेशान हैं, असंगठित हैं और विरोधाभास से ग्रस्त हैं। राव ने कहा कि राजग 23-24 मार्च तक समूचे देश के लिए प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दे देगा। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के लिए प्रत्याशियों के नामों को चार-पांच दिन में मंजूरी दे दी जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



