देश के कई हिस्सों में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ। वहीं आज केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सीएए को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, हम अल्पसंख्यकों के खिलाफ नहीं हैं। नागपुर में नागरिकता कानून के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा है कि हिंदुत्व किसी के खिलाफ नहीं है। सिर्फ भारत ही हिंदुओं को शरण दे सकता है।
नितिन गडकरी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून मुसलमानों के खिलाफ नहीं है। भारत ने सबको अपनाया है। इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, मैं हमारे मुस्लिम भाइयों से अपील करता हूं की कांग्रेस के सीएए के खिलाफ विरोध को गलत अभियान के माध्यम से देखें क्योंकि वे आपको केवल एक वोट मशीन के रूप में देखते हैं। गौरतलब है की बीजेपी ने इस मुद्दे पर जन जागरण अभियान चलाने का फैसला किया है।
CAA का विरोध करने पर मायावती ने की चंद्रशेखर की आलोचना, बोलीं- जबरन दी अपनी गिरफ्तारी
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की शनिवार को हुई बैठक में तय किया गया कि पार्टी घर घर जाकर नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जानकारी देगी। बीजेपी ने देश भर में 1000 रैली करने का भी कार्यक्रम तय किया है। रैली में स्थानीय और केंदीय नेताओं को शामिल होने को कहा गया है। पार्टी ने यह भी तय किया है कि देश भर में 250 प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएं, जिसको केंदीय मंत्रियों के अलावा पार्टी के प्रवक्ता संबोधित करेंगे।
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह भी तय हुआ है कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक और गुजरात से लेकर गुवाहाटी तक देश के सभी वर्ग के लोगों से संपर्क किया जाए और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर किया जाए। नड्डा ने नागरिकता संशोधन कानून पर देश भर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की शनिवार को बैठक बुलाई थी। बैठक में सभी राष्ट्रीय प्रवक्ताओं के अलावा, बीजेपी उपाध्याक्षों, महासचिवों ने हिस्सा लिया। बैठक में सभी राज्यों से कई प्रतिनिधियों को खास तौर पर बुलाया गया था।