ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की औद्योगीकरण प्रक्रिया में महिलाएं प्रमुख भूमिका निभाएंगी, क्योंकि उनकी सरकार ने कमजोर वर्गों के आर्थिक लाभ के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।
पटनायक यहां बालासोर जिले के लिए लगभग 1,806 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी सरकार कमजोर वर्गों और विशेष रूप से गरीब महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।’’ मुख्यमंत्री ने ‘मिशन शक्ति कार्यक्रम’ के तहत 5,600 महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 220 करोड़ रुपये की मंजूरी देने की घोषणा की।
जानकारी के मुताबिक उन्होंने कहा कि वे शून्य प्रतिशत ब्याज पर पांच लाख रुपये तक के ऋण की हकदार होंगी, जिससे उन्हें लघु उद्यमी बनने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं को अगले पांच वर्षों में 50 हजार करोड़ रुपये का ऋण प्रदान किया जाएगा। वे आने वाले दिनों में राज्य के औद्योगीकरण की प्रक्रिया में अग्रणी भूमिका निभाएंगी।’’ इससे पहले दिन में, मुख्यमंत्री ने 375 करोड़ रुपये की 69 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने जिले के लिए 1500 करोड़ की 122 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।