ओडिशा के पारादीप में मरीन पुलिस ने 20 बांग्लादेशी मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी एक नाव को भी अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में तटरक्षक बल और मरीन पुलिस ने राज्य के तटीय इलाके में अवैध रूप से प्रवेश करने की घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने इन सभी मछुआरों को रविवार को गिरफ्तार किया था।
नाव से टकरा गए थे मछुआरें
इस मामले में सूत्रों ने बताया कि, बांग्लादेशी मछुआरों ने सात दिसंबर को बांग्लादेश के भोला जिले से मछली पकड़ने के लिए बंगाल की खाड़ी की यात्रा शुरू की थी। 11 दिसंबर को इनकी नौका में तकनीकी खराब आ गई और ये लोग भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए। सूत्रों के मुताबिक बांग्लादेशी मछुआरें परादीप की मछली पकड़ने वाली नावों से टकराए, जिन्होंने इन्हें गहरे समु्द्र से निकाला। पोत को पारादीप स्थित नेहरू बंगला फिशिंग हार्बर लाया गया और समुद्री मत्स्य विभाग को इस बारे में जानकारी दी गयी।
पुलिस ने सभी के स्वास्थय की कराई जांच
ओडिशा के तटीय इलाके में अवैध मछुआरों के आने के बाद भारतीय तटरक्षक, पारादीप और पारादीप के समुद्री पुलिस थाने को सूचित किया गया और बाद में बांग्लादेशी मछुआरों को हिरासत में लिया गया तथा उनके नाव को जब्त कर लिया गया। पकड़े गए मछुआरों की स्वास्थ्य स्थिति की जांच की गई है तथा उन्हें भोजन उपलब्ध कराया गया है।