पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में शुक्रवार सुबह मुहर्रम के एक जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां बिजली की तार की चपेट में आने एक व्यक्ति की मौत हो गयी और नौ अन्य झुलस गए। वहीं घायलों में से 2 की हालत नाजुक बनी हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना इंग्लिश बाजार पुलिस थाने के तहत आने वाले मिल्की-अतगामा में हुई। उन्होंने बताया कि मुहर्रम के मौके पर एक जुलूस के दौरान कुछ लोग हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उन्होंने बताया कि इसमें 10 लोग झुलस गए और इनमें से तीन की हालत नाजुक थी।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायलों को मालदा मेडिकल कॉलेज एंव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं 2 अन्य की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। हालत अधिक बिगड़ने के कारण उन्हें कोलकाता रेफर कर दिया गया है।