अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी का जायजा लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को मणिपुर पहुंचे थें। रविवार को इंफाल में जेपी नड्डा ने बीजेपी कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि देशभर में ऐसे लगभग 525 कार्यालय बन रहे हैं। हम हर जिले में कार्यालय बना रहे हैं। लगभग 175 कार्यालय बन चुके हैं और 180 पर काम चल रहा है। इस दौरान जेपी नड्डा ने मोदी सरकार के कामकाज की सराहना की और साथ ही विपक्ष पर भी जमकर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ” कोई देश तोड़ने में लगा है और हम लोग देश के संस्कृति की रक्षा करते हुए देश को जोड़ने में लगे हैं। शिक्षा हो या स्वास्थ्य हो आपने (मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह) 5 साल में बजट को दोगुना कर दिया है।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि आज हम अपने देश के लिए तो वैक्सीन बना ही रहे हैं बल्कि अब दुनिया को देने के लिए भी तैयार हो गए हैं। आने वाले 3 या 4 दिनों में भारत 100 करोड़ टीके लगाने का रिकॉर्ड बना देगा। कोई देश को तोड़ने के लिए लगा है और हम जैसे लोग भारत की संस्कृति की रक्षा करते हुए देश को जोड़ने में लगे हैं। कई नेशनल हाईवे बन रहे हैं, करीब 300 परियोजनाओं का श्रीगणेश हो गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमारा निवेश दोगुना हो गया।
साइट पर निरीक्षण के लिए पहुंचे सीएम
वहीं राज्य में नड्डा के आने से पहले, मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शुक्रवार को उन स्थानों का निरीक्षण किया जो उनकी पार्टी प्रमुख की मेजबानी के लिए निर्धारित हैं। सिंह ने ट्वीट कर बताया “ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी की मणिपुर यात्रा की तैयारी के लिए साइट पर निरीक्षण के लिए निकला था। लोग जेपी नड्डा जी का गर्मजोशी से स्वागत करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”
अगले साल होंगे विधानसभा चुनाव
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ BJP के साथी नेता संबित पात्रा भी थे. मालूम हो कि मणिपुर उन पांच राज्यों में शामिल है जहां विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2022 के आसपास होंगे, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और पंजाब अन्य चार राज्य हैं. चार अन्य राज्यों में, BJP यूपी, उत्तराखंड और गोवा में सत्ता में है, जबकि कांग्रेस पंजाब में शासन करती है।