पटना स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार और उनके समर्थकों पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है और वे सुरक्षा की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। चिकित्सकों के हड़ताल पर चले जाने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चिकित्सकों का आरोप है कि कन्हैया कुमार रविवार की रात एम्स में भर्ती अपने एक मित्र और एआईएसएफ नेता सुशील कुमार से मिलने यहां पहुंचे थे। कन्हैया के साथ करीब 40-50 समर्थकों ने उनके साथ ट्रॉमा इमरजेंसी में जाने का प्रयास किया। कन्हैया के समर्थकों को जब सुरक्षा गार्ड ने रोकने की कोशिश की तो गार्ड के साथ मारपीट की गई।
वार्ड में तैनात चिकित्सकों ने जब उनके समर्थकों को वापस जाने को कहा तब भी समर्थक वापस नहीं गए और उन्होंने चिकित्सकों से दुर्व्यवहार किया। एम्स में काफी देर तक लेकर हंगामा होता रहा। पटना एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (आरडीए) के अध्यक्ष डॉ़ विनय कुमार ने सोमवार को बताया कि इस घटना के बाद सभी चिकित्सकों ने काम बंद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि एम्स प्रशसन से मिलकर आरोपियों के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करने और चिकित्सकों की सुरक्षा की मांगों को लेकर सभी चिकित्सक हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन और सरकार उनकी मांगें सोमवार तक नहीं मानते हैं तो सोमवार की रात से चिकित्सक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। चिकित्सकों के हड़ताल पर चले जाने के काराण मरीजों का काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में अब तक कन्हैया कुमार का कोई बयान सामने नहीं आया है।


Download Android App
Download iOS App



