कांग्रेस और DMK के पास बात करने के लिए नहीं है कोई एजेंडा, झूठ बोलने पर करना चाहिए काबू : पीएम मोदी

Summary :

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और DMK के पास बात करने के लिए कोई एजेंडा नहीं है लेकिन उन्हें अपने झूठ बोलने पर काबू करना चाहिए क्योंकि लोग बेवकूफ नहीं हैं। कांग्रेस-DMK खुद को तमिल संस्कृति के ​इकलौते संरक्षक के रूप में दिखाते रहते हैं लेकिन तथ्य कुछ और ही कहते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर शुक्रवार को राज्य के मदुरै में एक जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और DMK के पास बात करने के लिए कोई एजेंडा नहीं है लेकिन उन्हें अपने झूठ बोलने पर काबू करना चाहिए क्योंकि लोग बेवकूफ नहीं हैं। कांग्रेस-DMK खुद को तमिल संस्कृति के ​इकलौते संरक्षक के रूप में दिखाते रहते हैं लेकिन तथ्य कुछ और ही कहते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और डीएमके काम नहीं करने और जो वास्तव में काम करते हैं उनके बारे में झूठ फैलाने की कला में महारत हासिल कर चुके हैं। इसका एक उदाहरण मदुरै एम्स है। उनकी कई सालों की सत्ता में उन्होंने इसके बारे में सोचा भी नहीं। हमारी सरकार यहां एम्स लाई।
मदुरै दुनिया की सबसे पुरानी भाषा, तमिल के साथ निकटता से जुड़ा हुआ है। यहां, सब तमिल संगम के बारे में सोचता है। मैं तमिल संस्कृति और साहित्य को अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए काम करने वाले सभी लोगों की सराहना करना चाहता हूं। इस भूमि का महात्मा गांधी पर बहुत प्रभाव था। दक्षिण तमिलनाडु और विशेष रूप से मदुरै का एमजीआर के साथ एक विशेष संबंध है। हम सभी जानते हैं कि टीएम साउंडराजन ने एमजीआर को अपनी आवाज दी।
चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने लोगों से छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में सहयोगी पार्टी अन्नाद्रमुक समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिवगंत मुख्यमंत्री दिवंगत एम जी रामचंद्रन का समावेशी विकास एवं समृद्ध समाज का दृष्टिकोण हमें ‘‘प्रेरित’’ करता है। 
द्रमुक और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उनके पास बात करने के लिए कोई एजेंडा नहीं है और आरोप लगाया कि साथ चुनाव लड़ रहीं दोनो पार्टियां लोगों की सुरक्षा और मान-सम्मान तक की गारंटी नहीं देंगी और उनके शासन में कानून व्यवस्था ‘‘बिगड़’’ जाएगी।
उन्होंने परोक्ष रूप से द्रमुक के प्रथम परिवार में दो भाइयों एम के स्टालिन और एम के अलागिरी के बीच विवाद का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इससे पूर्व पार्टी ने पारिवारिक मुद्दों के चलते शांतिप्रिय मदुरै को ‘‘माफिया के गढ़’’ में बदलने का प्रयास किया। मोदी ने स्थानीय देवी मीनाक्षी अम्मन और उनके लोकप्रिय नामों कन्नागी, रानी मंगम्मल और वेलु नाचियार का उल्लेख करते हुए कहा कि मदुरै ‘नारी शक्ति’ के सशक्तिकरण की सीख देता है।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना समेत राजग की कई योजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित है। उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘द्रमुक और कांग्रेस इन मूल्यों को नहीं समझते। इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि उनके नेता महिलाओं का बार-बार अपमान करते हैं।’’
द्रमुक नेता ए राजा इससे पहले एक चुनावी रैली में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी की मां के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी कर विवाद में घिर चुके हैं, जिसकी काफी आलोचना हुई। सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने बृहस्पतिवार को 48 घंटे के लिए राजा के चुनाव प्रचार करने पर रोक लगा दी और उनकी पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची से उनका नाम हटा दिया। 

कूचबिहार में बोले अमित शाह- दीदी ने उत्तर बंगाल के साथ हमेशा किया अन्याय, नंदीग्राम में उनकी हार तय

Desk Team