प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने नागरिकता संशोधन कानून पर बवाल खड़ा कर दिया है और देश के विभिन्न हिस्सों में अशांति तथा आगजनी के पीछे विपक्षी पार्टियों का ही हाथ है। मोदी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए झारखंड में विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास झारखंड को विकसित करने का कोई रोडमैप या इच्छा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और उसके सहयोगी नागरिकता अधिनियम को लेकर आग भड़का रहे हैं लेकिन पूर्वोत्तर के लोगों ने नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन को अस्वीकार कर दिया है। कांग्रेस के कृत्य साबित करते हैं कि संसद में लिए गए सभी निर्णय सही हैं।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने केवल अपने लिए महलों का निर्माण किया और उन्हें लोगों की समस्याओं के बारे में कोई चिंता नहीं थी। केन्द्र और राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं राज्य में हमारी पार्टी द्वारा किए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा रखने यहां आया हूं।’’
उन्होंने कहा, पहली बार, जो काम पाकिस्तान हमेशा करता था वो कांग्रेस वालों ने किया, इससे ज़्यादा शर्म की बात क्या हो सकती है? क्या दुनिया के देशों में भारत की ही एम्बेसी के सामने, कभी कोई भारत का व्यक्ति प्रदर्शन करता है क्या?कांग्रेस और उनके सहयोगी इस बात का मौन समर्थन दे रहे हैं कि क्या हो रहा है। ये दृश्य देश के आत्मविश्वास को मजबूत कर रहे हैं कि मोदी, संसद और सरकार ने अधिनियम लाकर देश को बचाया है।


Download Android App
Download iOS App



