देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम विधानसभा चुनाव से पहले असम के बोकाखाट में एक जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने असमी भाषा में अभिवादन के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। असम के बोकाखाट में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बोकाखाट समेत ये पूरा इलाका शक्ति के स्थल के रूप में जाना जाता है। इन सभी स्थानों पर मैंने माताओं और बहनों से परिवर्तन का आग्रह किया था। इसी कारण यहां बीजेपी की सरकार बनी।
उन्होंने आगे कहा कि अब ये तय हो गया है कि असम में दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनेगी। असम में दूसरी बार NDA सरकार बनेगी। असम में दूसरी बार डबल इंजन की सरकार बनने वाली है। पीएम मोदी ने कहा- अब देखिए, कांग्रेस का झारखंड में, बिहार में, महाराष्ट्र में, जिनके साथ इनका गठबंधन है, वो पश्चिम बंगाल में इनके खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। केरल में लेफ्ट को गाली देते हैं, पश्चिम बंगाल में कुर्सी की आस में लेफ्ट को गले लगाते हैं।
इसके साथ ही अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि चाय जनजाति के साथियों और इस जनजाति से निकली महान विभूतियों को मान-सम्मान और स्वाभिमान का जीवन देने के लिए NDA प्रतिबद्ध हैं। टी गार्डन्स में काम करने वाले श्रमिक साथियों की दैनिक मजदूरी बढ़े इसके लिए भी असम सरकार पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने चाय बागानों में काम करने वाले परिवारों को भी बरसों तक अभाव में रखा। बीते 5 वर्षों में भाजपा और एनडीए की सरकार ने टी गार्डन में काम करने वाले साथियों की सभी जरूरतों को पूरा करने के लिए एक के बाद एक कदम उठाए हैं।
पीएम मोदी ने कहा बीते 5 सालों में भाजपा ने NDA सरकार ने चाय बागान में काम करने वाले साथियों के लिए पढ़ाई, कमाई और दवाई से जुड़ी जरूरतों के लिए एक के बाद एक कदम उठाए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर बड़ा निशाना साधते हुए कहा कि खुद को सेकुलर बताते हैं, लेकिन असम, पश्चिम बंगाल और केरल में संप्रदाय के आधार पर बने दलों के साथ दोस्ती करते हैं। सत्ता के सामने इनको कुछ नहीं दिखता। इसी कारण अब कांग्रेस के लोगों की बातों पर देश में कोई भरोसा नहीं कर रहा।