मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के ट्वीट को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी संग्राम छिड़ गया है। दिग्विजय सिंह ने तालिबानी नेताओं से भारतीय अधिकारियों से गुपचुप मुलाकात को लेकर ट्वीट किया था, जिसके बाद बीजेपी पूरी तरह से उनपर हमवार हो गई है।
दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है, दिग्विजय सिंह किस -किस के संपर्क में हैं अभी तो इसकी जांच हो रही है, लेकिन कौन सी एजेंसी जांच कर रही है, इस सवाल को विजयवर्गीय टाल गए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह के ट्वीट को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि उनकी (दिग्विजय सिंह) मानसिकता तालिबानी है। वहीं राज्य सरकार के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा दिग्विजय सिंह की मानसिकता सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वाली है। वे हमेशा देश और समाज में सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले मुद्दे ही खोजते हैं, उनका यह ट्वीट भी उस दिशा में संकेत देता है।
दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर भड़के CM शिवराज, बोले-तालिबानी हो गई है उनकी मानसिकता
दरअसल, दिग्विजय सिंह ने एक खबर ट्वीट करते हुए लिखा था कि भारत के अधिकारियों ने तालिबान से गुपचुप बातचीत की है। तालिबान नेताओं से भारतीय अधिकारियों की मुलाकात की खबरों पर दिग्विजय सिंह ने लिखा कि यह बहुत गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा, भारत सरकार को इस विषय पर तत्काल वक्तव्य देना चाहिए। क्या बीजेपी आईटी सेल इसको संज्ञान में लेकर राष्ट्र द्रोह की श्रेणी में लेगा। दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट के बाद बीजेपी ने उनपर हमला करना शुरू कर दिया है।