भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अज्ञात फोन से उन्हें कथित रूप से कई बार कॉल करके धमकी देने के मामले में यहां कमला नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज करवायी है। कमला नगर पुलिस थाना प्रभारी विजय सिसौदिया ने बुधवार को बताया, ‘‘सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को फोन पर धमकी देने एवं अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में मंगलवार रात को हमारे थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सांसद प्रज्ञा के आवेदन पत्र पर यह मामला दर्ज हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सांसद को ये फोन मंगलवार रात साढ़े छह बजे के आसपास अज्ञात नंबर से आये थे।’’ सिसौदिया ने बताया, ‘‘फोन करके अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया गया। साइबर सेल से जानकारी प्राप्त करनी है कि ये फोन कहां से आये हैं।
साइबर सेल से जो भी जानकारी प्राप्त होगी, उस पर आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।’’ जब उनसे सवाल किया गया कि क्या जान से मारने की धमकी दी गई थी, तो उन्होंने कहा, ‘‘यह विवेचना का हिस्स है। विवेचना की जा रही है।’’ इसी बीच, प्रज्ञा ने मीडिया को बताया, ‘‘कल भी कई फोन आये थे। कभी प्राइवेट नंबर कॉल दिखा रहा था, कभी इंटरनेशनल नंबर कॉल दिखा रहा था।
अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।’’ उन्होंने कहा कि कॉल करने वाले ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मेरे खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। प्रज्ञा ने बताया, ‘‘इसके अलावा, कॉल करने वाले ने अयोध्या के राम मंदिर निर्माण को लेकर एवं हनुमान चालीसा के पाठ करने को लेकर जो मैंने आह्वान किया था, इन सबको लेकर अपशब्दों का इस्तेमाल किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस संबंध में मैंने कमलानगर थाना भोपाल में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।’’ मालूम हो कि प्रज्ञा ने शनिवार को ट्वीट किया था, ‘‘आइए हम सब मिलकर कोरोना वायरस महामारी को समाप्त करने के लिए लोगों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए एक आध्यात्मिक प्रयास करें।
25 जुलाई से 5 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 7:00 बजे अपने घरों में हनुमान चालीसा का पांच बार पाठ करें। पांच अगस्त को अनुष्ठान का रामलला की आरती के साथ घरों में दीप जलाकर समापन करें।’’ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक पदाधिकारी ने हाल ही में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास समारोह में शिरकत करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



