रुद्रपुर : कूड़ा हटाओ जनकल्याण संघर्ष समिति के आह्वान पर स्वामी शिवानंद के नेतृत्व में लोगों ने नगर निगम गेट पर धरना दिया। बाद में मेयर व नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद धरना खत्म किया गया। आंदोलनकारियों को ट्रंचिंग ग्राउंड का कूड़ा 26 जनवरी से पहले हटाने का भरोसा दिलाया गया है। कूड़ा हटाओ जनकल्याण संघर्ष समिति के अध्यक्ष हिम्मत राम कोली के आह्वान पर दूधिया मंदिर के महंत स्वामी शिवानंद के नेतृत्व में काफी संख्या में लोगों ने नगर निगम गेट पर धरना शुरू कर दिया।
उनकी मांग थी कि शमशान घाट के सामने से कूड़े के ढेर को तत्काल हटाया जाए। शमशान घाट के सामने कूड़ा डालना तत्काल बंद किया जाए। शमशान घाट के सामने एनएच 74 के कूड़ी की साइड की रोड के सेंटर से सौ फिट की दूरी तक कूड़ा मुक्त स्थान किया जाए, ताकि लोगों को भीषण दुर्गंध से निजात मिल सके। उनकी मांग थी कि बेगुल नदी की सफाई कराकर उसे कचरा मुक्त किया जाए। साथ ही उनका कहना था कि कूड़े के पहाड़ जैसे स्वरूप को समतल करके उसे मिट्टी से पाटा जाए, ताकि वातावरण से दुर्गंध आनी बंद हो जाए।
साथ ही कूड़ा स्थल का सौंदर्यकरण कराया जाए। स्वामी शिवानंद का कहना है कि उन्होंने पहले भी इसी मांग को लेकर प्रदर्शन करके नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया था, लेकिन फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि शमशान घाट के सामने कूड़े के ढेर रोड से दस फुट ऊंचाई तक पहुंच गए हैं और इससे आस-पास में पूरा वातावरण दुर्गंधमय हो गया है। जिससे यहां रहने वाले लोगों को जीना मुहाल हो गया है। धरने पर बैठने वालों में हिम्मत राम, अबरार अहमद, संजीव गुप्ता, सोनू अनेजा, सुशील चौहानआदि शामिल थे। बाद में मेयर रामपाल व नगर आयुक्त जयभारत सिंह ने आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।