आरएसएस की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के भाषण के दौरान विरोध किये जाने की रविवार को निंदा की। एबीवीपी ने उस घटना की निंदा की जिसमें शनिवार को कन्नूर में भारतीय इतिहास कांग्रेस (आईएचसी) में अपने उद्धघाटन भाषण के दौरान खान को विरोध का सामना करना पड़ा था।
शहर में इस समय एबीवीपी का 54वां कोंकण प्रदेश अधिवेशन चल रहा है। इस कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से एबीवीपी की कोंकण इकाई की सचिव प्रेरणा पवार ने कहा, ‘‘हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं जिसमें केरल के राज्यपाल को शनिवार को विरोध का सामना करना पड़ा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘संवैधानिक पद पर आसीन राज्यपाल के भाषण को बाधित करना गलत है।’’ कन्नूर विश्वविद्यालय में आईएचसी में अपने उद्घाटन संबोधन के दौरान केरल के राज्यपाल को कुछ प्रतिनिधियों और छात्रों के विरोध का सामना करना पड़ा था।
खान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे और प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए जब उन्होंने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को लेकर विरोध प्रदर्शन पर बोलना शुरू किया तो कुछ प्रतिनिधियों ने विरोध दर्ज कराया। पवार ने कहा कि एबीवीपी सीएए और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के प्रावधानों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए एक ‘‘व्यापक अभियान’’ चलायेगी।


Download Android App
Download iOS App



