पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। उपराज्यपाल डॉ. तमिलासाई सौंदरराजन के कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।7 मई को पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले रंगासामी ने रविवार की शाम इंदिरा गांधी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच कराने के बाद पॉजिटिव पाए गए। वे इलाज के लिए चेन्नई रवाना हो गए और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उनका कोविड-19 का उपचार करने वाले अस्पताल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी में ऑक्सीजन का स्तर सामान्य बना हुआ है और उनकी हालत स्थिर है। एमजीएम हेल्थकेयर की एक बुलेटिन में कहा गया है कि रंगासामी की निगरानी चिकित्सकों की एक विशेषज्ञ टीम द्वारा की जा रही है और उनका आक्सीजन का स्तर सामान्य बना हुआ है एवं उनकी हालत स्थिर है।
अस्पताल ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री रंगासामी ने अपने सभी शुभचिंतकों को उनकी शुभकामनाओं और प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद दिया। पुडुचेरी स्वास्थ्य विभाग के एक प्रवक्ता ने रविवार को कहा था कि केंद्र शासित प्रदेश सरकार संचालित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मुख्यमंत्री की जांच की गई। वह कोविड-19 से संक्रमित पाये गए और बाद में उन्हें यहां अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस के शीर्ष नेता ने सात मई को मुख्यमंत्री का पद ग्रहण किया था।
इस बीच, मुख्यमंत्री के सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द हो गए। रंगासामी ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के नेता हैं और हाल के चुनावों में उन्होंने एनडीए को जीत दिलाई। एआईएनआरसी ने 10 सीटें जीतीं, जबकि उसके गठबंधन के साथी भाजपा को 6 सीटें मिलीं। निर्दलीय ने 6 सीटें, डीएमके ने 6 सीटें और इंडियन नेशनल कांग्रेस ने 2 सीटें जीतीं।