भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ज्योतिरीश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री रघुवर दास की आलोचना करने पर विरोधियों को निशाने पर लिया है। कहा है कि जो सत्ता में रहने के बाद भी अपेक्षित कार्य नहीं कर सके वैसे नेताओं को मुख्यमंत्री श्री दास की आलोचना करने का नैतिक अधिकार नहीं है। सही मायने में देखा जाये तो नेता बेहतर नेतृत्वकर्ता वही है जो सिर्फ आने वाले इलेक्शन की सोच लेकर काम नहीं करे। बल्कि आने वाले जेनरेशन के बारे में सोच रखते हुए कार्य करें।
इस दृष्टिकोण से यदि देखा जाये तो राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास आने वाले जेनरेशन को ध्यान में रखकर झारखंड को गढ़ने के काम में जुटे है। ऐसे में यह स्वभाविक है कि यह सब विकास विरोधी राजनीतिक दलों को रास नहीं आयेगा। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह ने गढ़वा में बजट पूर्व संगोष्ठी में मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये बयान को लेकर राजनीति करने वाले नेताओं की भी आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ने यह कहा ही कि जातिवाद को छोड़कर विकास की राजनीति हो तो इसमें गलत क्या है? इस बयान की गलत व्याख्या कर जो लोग राजनीतिक चमकाना चाहते हंै। उनलोगों को यह समझना चाहिए कि पलामू प्रमंडल की जनता सजग व समझदार है। उसे यह पता है कि कौन पलामू के हित में काम कर रहा है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी को ही यह बताना चाहिए की पलामू के विकास के लिए आखिर काम कौन कर रहा है।
पलामू में मेडिकल कॉलेज की स्थापनाए नीलांबर-पीतांबर विवि प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य का मार्ग आखिर किसके कार्यकाल में प्रशस्त हुआ। सोन नदी से पलामू के खेतों तक पानी पहुंचाने की दिशा में कार्य हो रहा है। बंद पड़े जपला सीमेंट फैक्ट्री खुले इसके लिए ईमानदार पहल की गयी। उपेक्षित पड़े गांवों तक विकास की रौशनी पहुंचायी जा रही है। पलामू के उग्रवाद प्रभावित इलाकों में गांव-गांव में सुरक्षा का माहौल बना है। इलाके को बदलने की कोशिश हो रही है आखिर इसका श्रेय किसे है?
लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।