कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज असम के दौरे पर हैं। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान डिब्रूगढ़ में राहुल गांधी ने किसान, सीएए समेत कई मुद्दों पर जमकर भाजपा को घेरा। कॉलेज के स्टूडेंट से बातचीत करते हुए राहुल ने कहा कि युवा बेरोजगार है, किसान लगातार सीएए का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम दिल्ली में आते हैं तो वह असम के लोगों से उनकी संस्कृति, भाषा को भूलने के लिए नहीं कह सकते हैं। इसके साथ ही राहुल ने आरएसएस पर पूरे देश को नियंत्रित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर सत्ता में आती है तो यह सुनिश्चित करेगी कि असम में नागरिकता संशोधन कानून लागू न हो।
राहुल ने कहा कि लोकतंत्र का मतलब असम की आवाज पर असम का नियंत्रण होना चाहिए। यदि हम इसमें छात्रों को शामिल नहीं करते हैं तो यहां लोकतंत्र कहीं से तार्किक नहीं है। युवाओं को सक्रिय रूप से राजनीति में आने की जरूरत है। उन्हें असम के लिए लड़ना चाहिए। जब आपको लगता है कि आपका राज्य लूटा जा रहा है तो आपको जंग करना चाहिए ,आपको आवाज उठानी चाहिए, लेकिन प्यार से, लाठी-पत्थरों से कतई नही। उन्होंने कहा कि यदि आपको लगता है कि लोकतंत्र को नकारा जा रहा है, युवा बेरोजगार हैं, किसान प्रदर्शन कर रहे है, सीएए आने जा रहा है, तो आपको आवाज बुलंद करनी चाहिए।
राहुल ने आरएसएस पर हमला करते हुए कहा कि असम के लोगों को दिल्ली जाने के बाद अपनी संस्कृति और भाषा नहीं भूलनी चाहिए। नागपुर में पैदा हुई एक सेना पूरे देश को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। दो दिनों के असम दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी आज छाबुआ के दिनजॉय स्थित चाय के बागान में मजदूरों से मुलाकात करेंगे। साथ ही, तिनसुकिया में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कुछ दिन पहले असम का दौरा कर चुकी हैं।