राजकोट के अस्पताल में आग की घटना पर राहुल ने जताया दुख, कहा-मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए

Summary :

राहुल गांधी ने कहा, “राजकोट के कोविड अस्पताल में आग लगने की खबर परेशान करने वाली है। अगस्त महीने में इसी तरह अहमदाबाद में भी आग लगी थी।”

गुजरात के राजकोट में एक कोविड अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से 5 मरीजों की झुलस कर मौत हो गई। आग की इस घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुख जताते हुए सरकार से ऐसी घटनाओं की गंभीरता से जांच की मांग की है। 
राहुल ने ट्वीट किया, ‘‘राजकोट के कोविड अस्पताल में आग लगने की खबर परेशान करने वाली है। अगस्त महीने में इसी तरह अहमदाबाद में भी आग लगी थी। सरकार को इन मामलों की गंभीरता से जांच करनी चाहिए।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘अपनी जान गंवाने वाले मरीजों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है।’’ 


उल्लेखनीय है कि राजकोट में गुरुवार देर रात कोविड-19 अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से पांच मरीजों की मौत हो गई। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित जिन 26 अन्य मरीजों का इलाज चल रहा था, उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। इन सभी को दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 

Desk Team