कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता राहुल गांधी आज केरल के दौरे पर हैं। मलप्पुरम में कांग्रेस नेता ने HIMA डायलिसिस सेंटर का उद्घाटन और कार्यक्रम को संबोधित किया। कांग्रेस नेता ने अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भारत लोगों के बीच का संबंध तोड़ने का आरोप लगाया। इस दौरान दौरान राहुल ने सावरकर पर हमला बोला।
संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि हमारे लिए भारत यहां रहने वाले लोग हैं। भारत लोगों के बीच का संबंध है। हिन्दू-मुस्लिम-सिख के बीच संबंध, तमिल-हिन्दी-उर्दू-बंगाली के बीच संबंध… मुझे प्रधानमंत्री से समस्या है कि वे इन संबंधों को तोड़ रहे हैं। अगर वे इसी तरह भारतीयों के बीच संबंध तोड़ेंगे तो यह मेरा भी कर्तव्य है कि मैं भारत के लोगों के बीच सेतु बनाने का काम करूं।
कांग्रेस नेता ने कहा, हर बार जब वे दो भारतीयों के बीच एक पुल को तोड़ने के लिए नफरत का इस्तेमाल करते है, तो मेरा काम उस सेतु को फिर से बनाने के लिए प्यार का इस्तेमाल करना है। मैं इस देश में विभिन्न परंपराओं, विचारों, विभिन्न धर्मों, विभिन्न संस्कृतियों को समझे बिना पुल नहीं बना सकता।
उन्होंने कहा कि क्या होता है यदि कोई भारतीय व्यक्ति हवाई जहाज में चढ़कर अमेरिका चला जाता है, तो क्या वह भारतीय नहीं रहता? उस स्थिति में भी वह एक भारतीय ही रहता है। तो मेरे लिए, यहां रहने वाले लोग भारत हैं। यहां के लोगों से भारत बनता है और इसकी संस्कृति मजबूत होती है।
राहुल ने कहा कि अगर आप सावरकर जैसे लोगों को पढ़ेंगे तो वे कहेंगे कि भारत एक भूगोल है। वे कलम लेते हैं, नक्शा खींचते हैं और कहते हैं कि यह भारत है। इस रेखा के बाहर यह भारत नहीं है और इस रेखा के अंदर यह भारत है। फिर एक सवाल उठता है कि क्या भारत सिर्फ एक नक्शा है? बिल्कुल नहीं क्योंकि अगर इस क्षेत्र में लोग नहीं होते तो आप यह नहीं कहते कि यह भारत है।