कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को छत्तीसगढ़ में जनता की सरकार कायम करने का वादा किया और सत्तारूढ़ भाजपा पर 15 साल के अपने कार्यकाल में राज्य को बर्बाद करने का आरोप लगाया। राज्य में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि जल, जंगल, खदान और खनिज के मामले में यह राज्य देश के संपन्न राज्यों में से एक है।
उन्होंने आरोप लगाया, ”लेकिन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नीतियों के कारण लोग गरीब हैं।” राज्य के साथ अपने पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि संबंध प्यार का है, राजनीति का नहीं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि उद्योगों की स्थापना के लिए आदिवासी बहुल राज्य के इस हिस्से में स्थानीय लोगों की जमीन ले ली गयी। लेकिन जब उद्योग नहीं लगे तो जमीन लोगों को वापस नहीं की गयी। गांधी ने कहा, ”कांग्रेस राज्य में जनता की सरकार कायम करेगी जो किसानों, छोटे और मध्यम कारोबारों को मजबूत करेगी और नौजवानों को रोजगार देगी।”
छत्तीसगढ़ में बोले राहुल – नोटबंदी से गरीबों पर पड़ी मार, अमीरों को मिला लाभ
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस राज्य में सत्ता में आयी तो भूमि अधिग्रहण कानून लागू किया जाएगा और किसानों के कर्ज माफी के साथ उन्हें उनकी फसलों के लिए बोनस और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिए जाएंगे। रमन सिंह सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के बारे में एक शब्द तक नहीं कहा।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ”राज्य के लोगों को इससे बहुत परेशानी हुई है।” उन्होंने कहा, ”मैं गरीब, किसानों और नौजवानों के लिए राजनीति करता हूं। मैं उनकी वजह से 10-15 उद्योगपतियों को नहीं बचाउंगा।” राज्य में विधानसभा की 90 सीट हैं। दूसरे चरण में 72 सीटों के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा और मतगणना 11 दिसंबर को होगी।


Download Android App
Download iOS App



