पश्चिम बंगाल चुनाव के मद्देनजर प्रचार अभियान तेज़ है। भाजपा यहां पर बड़ा प्रचार अभियान चला रही है। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के दासपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में 5 वर्ष के लिए भाजपा की सरकार बनाकर देखिए, किसी मां के लाल की हिम्मत नहीं है कि वो टोलाबाजी कर सके और कटमनी ले सके। उन्होंने ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा।
जिस दिन भाजपा की सरकार बन जाएगी यहां कटमनी, तोलाबाजी और गुंडागर्दी बंद हो जाएगी
उन्होंने कहा कि बंगाल में जनता के लिए जो पैसा आता है उसका 15%-25% भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। मैं ममता दीदी से पूछना चाहता हूं कि क्या कारण है कि आपके मंत्रियों और आपकी सरकार पर हमेशा भ्रष्टाचार के आरोप लगते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस दिन भाजपा की सरकार बन जाएगी यहां कटमनी, तोलाबाजी और गुंडागर्दी बंद हो जाएगी। केवल सड़क बनाने के लिए मोदी जी ने 25,000 करोड़ रुपये दिए। वह पैसा कहां है और कितनी सड़कें बनीं? पश्चिम बंगाल तेजी से पीछे जा रहा है। इसके लिए ममता दीदी जिम्मेदार हैं।
ममता दीदी को चोट लगी केवल सहानुभूति अर्जित करने के लिए आरोप लगा दिया कि भाजपा के लोगों ने हमला किया
उन्होंने कहा कि हम लोगों ने हर किसान के खाते में 6000 रुपया भेजा। ममता दीदी ने ये पैसे देने के लिए हमें यहां के किसानों की लिस्ट नहीं दी। अगर यहां भाजपा की सरकार बनी तो आपका 6000 रुपया पहले का और आगे का पूरा आपके खाते में जाएगा। नंदीग्राम हमले को लेकर राजनाथ सिंह ने कहा कि ममता दीदी को चोट लगी केवल सहानुभूति अर्जित करने के लिए आरोप लगा दिया कि भाजपा के लोगों ने हमला किया है। जांच में यह बात साफ हो चुकी है कि किसी ने उन्हें मारा नहीं है बल्कि सुरक्षा में कमी के कारण स्वयं ही उनका फ्रैक्चर हुआ है।
पश्चिम बंगाल में जिस तरह का विकास होना चाहिए था, वह नहीं हुआ है
मिदनापुर में रैली को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल में जिस तरह का विकास होना चाहिए था, वह नहीं हुआ है। सत्तारूढ़ सरकारों ने राज्य को नष्ट कर दिया। सीपीएम हो या टीएमसी, गरीबी और बेरोजगारी राज्य में व्याप्त है।
जैसे गांगुली लगाते हैं छक्के, वैसे ही बंगाल में BJP जीतेगी
उन्होंने कहा कि मैं लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि जिस दिन हम सरकार बनाएंगे, हम सभी के खिलाफ हमलों को रोकेंगे चाहे भाजपा, टीएमसी या सीपीएम हो। कोई भेदभाव नहीं होगा। हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जब भी सौरव गांगुली ने क्रीज को पार किया, तो यकीन था कि वह छक्का मारेंगे। इसी तरह, लोकसभा में आपके समर्थन के साथ, हमने क्रीज पार कर ली है और निश्चित रूप से हम विधानसभा चुनावों में सिक्सर मारेंगे और भाजपा जीतेगी।


Download Android App
Download iOS App



