पटना : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का भविष्यवाणी आज दिखने लगा है। वह दिन दूर नहीं जब विवादित कश्मीर भारत का होकर रहेगा। भारत पाकिस्तान के युद्ध में भारतीय सैनिकों को रोका नहीं जाता तो आज पीओके की समस्या नहीं होती। विद्यापति भवन में पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के 83वें जन्म दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि राम जन्म भूमि पर राम मंदिर सवा सौ करोड़ जनता की जीत होगी। संविधान के अन्दर ही राम मंदिर बनेगी।
उन्होंने कहा कि भारत पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सैनिकों ने साहस दिखाया, लेकिन राजनीतिकरण के कारण लाहौर से भारतीय सैनिकों को वापस बुलाया जाना आज भारत को महंगा पड़ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा स्व. इंदिरा गांधी को दुर्गा कहने के बावजूद भी आज इनके वंशज अपने संस्कार को भूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है किसानों का दिन फिरे। उन्हें दोगुना लाभ हो। विपक्ष जितना हल्ला कर ले केन्द्र की सरकार किसान हित में काम करेगी। 2022 तक किसान की आमदनी दोगुनी होगी जिसमें बिहार का बड़ा योगदान होगा।