दक्षिण गोवा के एक गांव में दो श्रमिकों ने कथित तौर पर 12 साल की एक नाबालिग लड़की का बलात्कार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि आरोपी मूलत: बिहार के रहने वाले हैं। उन्हें मंगलवार की शाम में गिरफ्तार किया गया। इसी दिन उन्होंने कथित घटना को अंजाम दिया था।
क्वेपेम के पुलिस निरीक्षक संतोष देसाई ने बताया कि नाबालिग के पिता की शिकायत के बाद दोनों श्रमिकों को हिरासत में लिया गया। शिकायत में कहा गया है कि लड़की घर में सो रही थी जब आरोपियों ने उसका बलात्कार किया। देसाई ने बताया कि एक आरोपी 18 वर्ष का है जबकि दूसरे की पहचान 20 वर्षीय जितेंद्र चौधरी के तौर पर हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी पीड़ित लड़की के पिता के परिचित थे और उनके घर पर उनका आना जाना था। दोनों के खिलाफ पोक्सो अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की सबंद्ध धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।