अक्सर विवादों में रहने वाली कार्यकर्ता रेहाना फातिमा के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। दरअसल, रेहाना ने अपने नाबालिग बच्चों से अपने अर्द्धनग्न शरीर पर पेंटिंग करवाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के नेता ए.वी. अरुण प्रकाश की ओर से मिली शिकायत के आधार पर पतनमतिट्ठा जिले की तिरुवाला पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी कानून और किशोर न्याय कानून के तहत मामला दर्ज किया है। फातिमा ने ‘बॉडी एंड पॉलिटिक्स’ (शरीर और राजनीति) शीर्षक से यह तस्वीर पोस्ट की है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
इस बीच, बाल अधिकार संरक्षण मुद्दे पर केरल के राज्य आयुक्त ने बुधवार को पतनमतिट्ठा जिले के पुलिस प्रमुख से 10 दिन के भीतर रिपोर्ट देने को कहा है। गौरतलब है कि फातिमा ने 2018 में सबरीमला स्थित भगवान अय्यप्पा के मंदिर में प्रवेश करने का भी प्रयास किया था।