महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना वायरस मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए राज्य के कुछ हिस्सों में कड़ाई से लॉकडाउन लगाया जा रहा है। इस बीच मिली जानकारी के अनुसार नागपुर, अकोला के बाद अब औरंगाबाद में भी लॉकडाउन लागू किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक औरंगाबाद में शनिवार और रविवार को पूरी तरह से लॉकडाउन रहेगा। स्थानीय प्रशासन ने इस बंद को सख्ती से पालन करने का आदेश जारी किया है। नागपुर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया है। नागपुर में 15 से 21 मार्च तक भी लॉकडाउन रहेगा। एक व्यक्ति ने कहा, “यह जरूरी था क्योंकि पहले छूट थी तब लोगों ने उसका दुरुपयोग किया। लोग मास्क भी नहीं लगा रहे थे न सामाजिक दूरी का पालन कर रहे थे।”
महाराष्ट्र में 31 मार्च तक स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का निर्देश दिया है। होटल और रेस्तरां को रात 10 बजे तक काम करने की अनुमति दी गई है वहीं होटल और रेस्तरां को 50 प्रतिशत की क्षमता के साथ चलेंगे। वहीं लॉकडाउन से पहले बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है और सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती दिखाई दे रही हैं।
वायरस के संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए कड़ाई से लॉकडाउन
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में कोरोना वायरस के संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए कड़ाई से लॉकडाउन लगाया जाएगा। लॉकडाउन के उपायों की घोषणा करने से पहले सरकार अधिकारियों के साथ विशेष बैठक करने जा रही है।’’ उन्होंने कहा कि सरकार लोगों से मास्क पहनने, सामाजिक दूरी का पालन करने और अनावश्यक रूप से घूमने से बचने का आग्रह कर रही है।
इससे पहले मंत्री नितिन राउत ने नागपुर में कोविड-19 के मामलों में तेज वृद्धि के मद्देनजर 15 से 21 मार्च के बीच ”सख्त लॉकडाउन” लागू करने की घोषणा की। वह नागपुर के प्रभारी मंत्री हैं। पिछले महीने अमरावती में लॉकडाउन लागू किया गया, जबकि अमरावती संभाग के अन्य जिलों में कुछ पाबंदियां लगाई गईं।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 15,817 नए मामले आए, 56 मौतें हुईं
बता दें कि महाराष्ट्र में शुक्रवार को 15,817 नए मामले सामने आए। लगातार तीसरे दिन इस साल के अब तक के सबसे अधिक मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 22,82,191 हो गए, जबकि बीमारी के कारण 56 नई मौत होने के साथ मरने वालों की संख्या 52,723 तक पहुंच गई। राज्य में पिछली बार पिछले साल दो अक्टूबर को 15,000 से अधिक मामले आए थे, जिसके बाद नए मामलों में गिरावट आई थी।
लेकिन पिछले महीने मामलों में तेज उछाल आया। राज्य में बुधवार और बृहस्पतिवार को 13,659 और 14,317 मामले सामने आए। शुक्रवार को अस्पतालों से 11,344 रोगियों को छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में अब तक ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 21,17,744 हो गई। राज्य में 1,10,485 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में पुणे शहर में सबसे अधिक 1,845 नए मामले सामने आए, इसके बाद नागपुर में 1,729 और मुंबई में 1,647 मामले आए।