महाराष्ट्र में कल यानि शुक्रवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर बने एक कार्टून को व्हाट्सऐप पर साझा करने के मामले पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने 62 वर्षीय नौसेना के पूर्व अधिकारी मदन शर्मा से मारपीट की। यह जानकारी पुलिस ने दी। मुंबई के समता नगर पुलिस स्टेशन में शिवसेना का शाखा प्रमुख कमलेश कदम और उनके 8-10 साथियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 325 और दंगे से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। समता नगर पुलिस स्टेशन ने 6 लोगों की गिरफ्तारी के बाद जमानत दे दी है।
एक अधिकारी ने कहा कि यह घटना सुबह करीब 11.30 बजे उपनगर कांदिवली के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स इलाके में हुई। उन्होंने कहा, ‘‘सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी मदन शर्मा ने एक व्हाट्सऐप ग्रुप में ठाकरे पर एक कार्टून भेजा था। कुछ शिवसेना कार्यकर्ता उनके घर गए और उनके साथ मारपीट की। शर्मा की आंख में चोट लग गई और अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है।’’