भोपाल : मध्य प्रदेश में लगातार दो भाजपा नेताओं की हत्या ने सियासी भूचाल ला दिया है। भाजपा ने राज्य में एक बार फिर ‘गुंडाइज्म’ की वापसी का आरोप लगाया है। भाजपा की प्रदेश इकाई के महामंत्री वी.डी. शर्मा ने रविवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य में एक बार फिर वर्ष 2003 से पहले के ‘गुंडाइज्म’ की वापसी हो गई है।
राज्य में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं, भाजपा नेताओं की हत्या हो रही है। राज्य में कांग्रेस को सत्ता में आए एक माह से ज्यादा का समय हुआ है, और मंदसौर में गुरुवार को उपाध्यक्ष प्रहलाद बंधवार की गोली मारकर हत्या की गई और रविवार को बड़वानी में भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे की हत्या हो गई। भाजपा के महामंत्री शर्मा ने राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधों की बाढ़ सी आ गई है, भाजपा के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। राज्य में अपराधों पर विराम नहीं लगा तो भाजपा इसके खिलाफ सड़कों पर उतरेगी। शर्मा ने वर्ष 2003 से पहले के कांग्रेस के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में वर्ष 2003 से पहले जिस तरह के अपराधों का बोलबाला था, एक बार फिर उसी तरह के हालात बनने लगे हैं। कांग्रेस की सरकार आने के बाद से राज्य में अपराधियों ने फिर सिर उठा लिया है।


Download Android App
Download iOS App



