सुशांत सिंह राजपूत की मौत के केस में NCB ड्रग्स एंगल की जांच कर रही है। एनसीबी ने इस मामले में रिया चक्रवर्ती उसके भाई शौविक चक्रवर्ती समेत अन्य 18 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में ले लिया था। आज इन सभी की न्यायिक हिरासत की मियाद समाप्त हो रही है। पिछली बार विशेष अदालत ने रिया की न्यायिक हिरासत की अवधि 6 अक्टूबर तक बढ़ा दी थी। एनसीबी की गिरफ्तारी के बाद रिया चक्रवर्ती को 22 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
अटकलें लगाई जा रही है कि रिया चक्रवर्ती समेत अन्य आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए और बढ़ाई जा सकती है। माना जा रहा है कि आज ही रिया चक्रवर्ती की ओर से हाईकोर्ट में दायर जमानत याचिका पर भी फैसला हो सकता है। बीते दिनों हाईकोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। रिया की जमानत याचिका इससे पहले दो बार निचली अदालतों द्वारा खारिज की जा चुकी हैं।
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद ड्रग्स कनेक्शन की जांच कर रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने रिया चक्रवर्ती को 8 सितंबर को मुंबई से कई दौर की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। अगर रिया चक्रवर्ती इस मामले में दोषी पाई जाती हैं तो उन्हें करीब 10 साल तक की सजा हो सकती है।
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए थे। 28 वर्षीय रिया चक्रवर्ती को सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के बयानों के आधार पर गिरफ्तार किया गया था।