मुंबई :शिवसेना ने मंगलवार को बताया कि राज्यसभा सदस्य संजय राउत को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। राउत शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक भी हैं। अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से करने के बाद से राउत और अभिनेत्री बीच वाकयुद्ध चल रहा है।
शिवसेना ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि राउत को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। शिवसेना ने बताया कि राउत के अलावा, लोकसभा सदस्य अरविंद सावंत और धैर्यशील माने, राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी, महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत, अनिल परब, गुलाबराव पाटिल, विधायक सुनील प्रभु और प्रताप सरनाईक, मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर और वरिष्ठ नेता नीलम गोरहे को पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया है।
बता दें,इससे पहले संजय राउत और कंगना रनौत के बीच बहस थमने का नाम नहीं ले रही है। राउत शिवसेना की तरफ से कंगना पर एक के बाद एक प्रहार कर रहे है वहीं अभिनेत्री भी बयानबाजी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। इस मुद्दे में कंगना को सोशल मीडिया पर काफी समर्थन भी मिल रहा है।
राउत ने ट्वीट कर कहा कि “शिवसेना हिंदुत्व के प्रतीक महान छत्रपति शिवाजी महराज की विचारधारा को मानती है। उन्होंने हमें महिलाओं का सम्मान करना सिखाया है लेकिन कुछ लोग दुर्भावनापूर्ण इरादे से गलत सूचना फैला रहे हैं कि शिवसेना ने महिलाओं को अपमानित किया है।”
शिवसेना नेता ने कहा कि “इस बीच सभी को यह नहीं भूलना चाहिए कि जो ऐसे आरोप लगा रहे हैं, उन्होंने ही मुंबई और मुंबा देवी का अपमान किया है। शिवसेना महिलाओं के सम्मान के लिए लड़ती रहेगी। यही हमारे शिवसेना सुप्रीमो ने सिखाया है।”
गौरतलब है कि कंगना रनौत ने हाल ही में मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी, जिससे महाराष्ट्र सरकार और शिवसेना नेताओं की उनके प्रति नाराजगी बढ़ गई थी। संजय राउत ने उन्हें उनके गृह राज्य हिमाचल प्रदेश से मुंबई न लौटने की चेतावनी दी थी। रविवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घोषणा की थी कि राज्य सरकार कंगना को 9 सितंबर के मुंबई दौरे के लिए सुरक्षा प्रदान करेगी।