शिवसेना नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कुख्यात आरोपी विकास दुबे के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की घटना पर उठ रहे सवालों पर आश्चर्य जताया है। उन्होंने कहा कि कुख्यात अपराधी विकास दुबे के एक मुठभेड़ में मारे जाने को लेकर आंसू बहाने की कोई जरूरत नहीं है।
राउत ने कहा, ‘‘दुबे ने आठ पुलिसकर्मियों की हत्या की थी। वर्दी पर हमला करने का मतलब है कि कोई कानून और व्यवस्था नहीं है। राज्य पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई करना आवश्यक है, चाहे वह महाराष्ट्र हो या उत्तर प्रदेश।’’ राज्यसभा सांसद ने कहा, ‘‘एक मुठभेड़ में दुबे के मारे जाने पर आंसू बहाने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस कार्रवाई पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं?’’
BJP सरकार ने उत्तर प्रदेश को ‘अपराध प्रदेश’ में बदल दिया : प्रियंका गांधी
कुख्यात अपराधी एवं कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी विकास दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में कथित पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार उज्जैन से कानपुर लाते समय हुए सड़क हादसे में एक पुलिस वाहन के पलट जाने के बाद दुबे ने भागने का प्रयास किया।
मध्य प्रदेश पुलिस ने विकास दुबे को गुरुवार सुबह उज्जैन में महाकाल मंदिर के बाहर गिरफ्तार किया था और देर शाम उसे उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया था। विपक्षी दलों ने हालांकि मुठभेड़ को लेकर उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार पर निशाना साधा रहें है।