देश वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को तेजी से हराने के लिए प्रयास कर रहा है और इस ओर टीकाकरण अभियान में तेजी लाई जा रही है। देश ने हाल ही में सौ करोड़ वैक्सीन लगाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है। तो सरकार इस अवसर पर धूमधाम से जश्न मना रही है। लेकिन विपक्षी दल इस केंद्र सरकार के इस दावे का खंडन कर रहे है और सरकार पर निशाना साध रहे है।
केंद्र की सत्ता में बैठी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कभी सहयोगी रही शिवसेना के सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया कि देश में कोविड-19 रोधी टीके की 100 करोड़ खुराक देने का वादा ‘झूठा’ है और पात्र नागरिकों को अब तक 23 करोड़ से ज्यादा खुराक नहीं लगाई गई है।

हम 100 करोड़ टीकाकरण का उत्सव मना रहे हैं, जो कि सही नहीं है
महाराष्ट्र में शनिवार को नासिक में पार्टी की एक बैठक को संबोधित करते हुए राउत ने कहा कि वह यह सबूत देंगे कि 100 करोड़ टीकाकरण का दावा ‘झूठा’ है। राज्य सभा सदस्य ने बिना किसी का नाम लिए हुए कहा, ‘‘ आप कितना झूठ बोलेंगे?’’

शिवसेना के प्रमुख प्रवक्ता ने दावा किया, ‘‘पिछले एक पखवाड़े में 20 हिंदू और सिखों की हत्या हुई। 17 से 18 सैनिक शहीद हो गए। चीन अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख में समस्या पैदा कर रहा है, लेकिन हम 100 करोड़ टीकाकरण का उत्सव मना रहे हैं, जो कि सही नहीं है।’’ उन्होंने पूछा, ‘‘किसने इसकी गिनती की है?’’
राउत की टिप्पणी कुछ नहीं बल्कि हंसने वाली बात है
संपर्क करने पर महाराष्ट्र के भाजपा प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने कहा कि शिवसेना नेता आधारहीन दावे करते रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘100 करोड़ टीकाकरण पर राउत की टिप्पणी कुछ नहीं बल्कि हंसने वाली बात है क्योंकि आंकड़े बिल्कुल स्पष्ट हैं।’’ भारत ने 21 अगस्त को कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण का 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।


Download Android App
Download iOS App



