हरिद्वार : केआरएल कंपनी के कर्मचारियों की हड़ताल से जमा कूड़े को लेकर भाजपा और कांग्रेस पार्षद आपस में भिड़ गए। हाथापाई के दौरान महापौर अनीता शर्मा और उनके पति अशोक शर्मा के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। गनर ने महापौर को बमुश्किल बचाया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने पर ज्वालापुर कोतवाली की पुलिस दीवार बन गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
हालांकि किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई है। हड़ताल के कारण जमा कूड़े की सफाई के लिए महापौर अनीता शर्मा कर्मचारियों की एक टीम लेकर शहर में निकली। ज्वालापुर आर्यनगर में कूड़ा उठवाने पर स्थानीय भाजपा पार्षद सपना शर्मा मौके पर पहुंच गई और इसका विरोध किया। सपना का कहना था कि हड़ताल के दौरान महापौर ने उनके वार्ड के सुध नहीं ली है तो अब हड़ताल खुलने पर कूड़ा उठवाने क्यों आई हैं।
सपना शर्मा और महापौर के पति अशोक शर्मा के बीच नोकझोंक चल रही थी कि खन्नानगर से पार्षद मोनिका सैनी के पति सचिन बेनीवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेश शर्मा भी वहां आ गए। कांग्रेस पार्षद अनुज सिंह, सुहेल कुरैशी, पार्षद दीपिका बहादुर के पति रवि बहादुर, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय अग्रवाल से आमना-सामना होने पर दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। इस बीच उत्तेजित कार्यकर्ता महापौर अनिता शर्मा और उनके पति अशोक शर्मा की तरफ लपके। हाथापाई होने पर महापौर को उनके गनर ने कवर करते हुए बचाकर किनारे किया, पर अशोक शर्मा के कॉलर तक एक पार्षद के पति का हाथ जा पहुंचा।
भाजपा और कांग्रेसियों के बीच मारपीट की सूचना पर ज्वालापुर कोतवाल मनोज कुमार मेनवाल टीम के साथ पहुंचे। कोतवाल मनोज मेनवाल, एसएसआइ विकास भारद्वाज व रेल चौकी प्रभारी अरङ्क्षवद रतूड़ी कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच दीवार बनकर खड़े हो गए और जैसे-तैसे हंगामा शांत कराया। काफी देर तक दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहे। कोतवाली प्रभारी मनोज मेनवाल ने बताया कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं आई है।
– संजय चौहान