कंगना के दफ्तर के बाहर BMC का दूसरा नोटिस, अभिनेत्री ने ट्वीट कर लिखा-आज वहां बाबर आया

Summary :

मुंबई रवाना होने से पहले बीएमसी की कार्रवाई का अंदेशा जताते हुए कंगना ने आज सुबह ही ट्वीट करके कहा कि मेरे आने से पहले ही महाराष्ट्र सरकार और उनके गुंडे मेरे ऑफिस के बाहर पहुंच गए हैं और उसे गिराने की तैयारी कर रहे हैं।

महाराष्ट्र सरकार से पंगा लेना अभिनेत्री कंगना रनौत को भारी पड़ रहा है। उनके मुंबई पहुंचने से पहले बीएमसी ने उनके दफ्तर के अवैध निर्माण को तोड़ने की तैयारी कर ली है। बीएमसी ने बुधवार को बांद्रा वेस्ट के पाली हिल रोड पर स्थित कंगना के दफ्तर के बाहर दूसरा नोटिस चिपकाया है।
इसपर कंगना ने ट्वीट करते हुए लिखा, मणिकर्णिका फिल्म्ज़ में पहली फिल्म अयोध्या की घोषणा हुई, यह मेरे लिए एक इमारत नहीं राम मंदिर ही है, आज वहां बाबर आया है, आज इतिहास फिर खुद को दोहराएगा राम मंदिर फिर टूटेगा मगर याद रख बाबर यह मंदिर फिर बनेगा यह मंदिर फिर बनेगा, जय श्री राम , जय श्री राम , जय श्री राम।


एक अन्य ट्वीट में कंगना ने अपने दफ्तर के बाहर मौजूद बीएमसी के अधिकारियों और पुलिस की तस्वीरें शेयर की। जिसमें भारी संख्या में बीएमसी के अधिकारी और पुलिसबल बुलडोजर के खड़े है। तस्वीरों के साथ कंगना ने लिखा, बाबर और उनकी सेना।


मुंबई रवाना होने से पहले बीएमसी की कार्रवाई का अंदेशा जताते हुए कंगना ने आज सुबह ही ट्वीट करके कहा कि मेरे आने से पहले ही महाराष्ट्र सरकार और उनके गुंडे मेरे ऑफिस के बाहर पहुंच गए हैं और उसे गिराने की तैयारी कर रहे हैं। मैं वादा करती हूं कि महाराष्ट्र के सम्मान के लिए खून देने के लिए तैयार हूं। ये कुछ नहीं है, चाहे तो सबकुछ छीन सकते हो लेकिन मेरी भावनाएं लगातार ऊंची होती जाएंगी।

गौरतलब है कि बीते दिनों ही बीएमसी टीम ने कंगना रनौत के दफ्तर का मुआयना किया था और पाया था कि ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर कई अवैध निर्माण किया गया है। यह दफ्तर कंगना रनौत के स्वामित्व वाली मणिकर्णिका प्रोडक्शंस का है।

Desk Team