बिहार की मुंगेर जिला पुलिस ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की नेता साधाना देवी के पुत्र की हत्या के सात आरोपियों को महज बारह घंटे के अंदर नया रामनगर थाना क्षेत्र के इंगलिश पाटम गांव से आज गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव मंगला ने यहां बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये इंगलिश पाटम गांव से ही हत्या मामले के सात आरोपियों गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विशुनदेव मंडल, मृत्युंजय कुमार, रश्मि रंजन नवीन, मुकुल चन्द, भारती, राजेश कुमार चौरसिया, अमित कुमार एवं संजीव चैरसिया शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी इंगलिश पाटम गांव के रहने वाले हैं। डॉ. मंगला ने बताया कि इस मामले में 15 नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ नया रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उल्लेखनीय है कि जमालपुर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व लोजपा प्रत्याशी साधना देवी और कृष्णानन्द यादव के पुत्र शिवम कुमार (25) का कल शाम इंगलिश पाटम गांव में एक महिला को रंग-अबीर लगाने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने शिवम की जमकर पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए भागलपुर ले जाने के दौरान शिवम की मौत हो गई। इस घटना में मृतक का एक मित्र विकास कुमार को भी चोटें आई। उसका ईलाज मुंगेर सदर अस्पताल में किया गया है।